गौरीगंज के सैंठा पीएचसी पर आयोजित जन आरोग्य मेले में मरीज के इलाज के दौरान दवा लिखते डॉक्टर। -स
अमेठी सिटी। गौरीगंज के सैंठा सहित जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को जन आरोग्य मेले में मौसम में हुए बदलाव का असर साफ नजर आया। 30 पीएचसी पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 2374 मरीजों का परीक्षण कर इलाज किया गया। 33 गंभीर मरीजों को सीएचसी रेफर किया गया। मेले में 47 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
गौरीगंज के सैंठा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 12:40 बजे डॉ. एचपी यादव के पास पहुंचीं 60 वर्षीय कर्मावती ने कहा कि डॉक्टर साहब... चक्कर आ रहा है और शरीर में दर्द है। डॉक्टर ने जांच कर बुजुर्ग को दवा देते हुए कहाकि अम्मा तीन दिन में आराम न मिले तो दोबारा दिखाने आ जाना। 75 वर्षीयभगवानदीन ने कहा कि पांच दिन से बुखार आ रहा है। शरीर में दर्द है और भूख नहीं लग रही है। भगवानदीन के खून की जांच करवाने के बाद डॉक्टर ने उन्हें भी दवा दी।
सांस फूलना व गैस की दिक्कत होने पर बुजुर्ग रामदेव ने मेले में पहुंच उपचार करवाया। रामदेव ने बताया कि डॉक्टर ने सरकारी दवा फ्री में दी। कहा कि आराम मिल जाएगा। खांसी, सर्दी व जुकाम से परेशान गुड़िया के साथ दाद, खाज व खुजली से परेशान सृष्टि व शालिनी भी मेले में उपचार करवाने आई थीं। आराम नहीं होने पर तीन दिन बाद दोबारा बुलाया है। सीएमओ ने बताया कि सभी पीएचसी में मरीजों का उपचार कर दवा देते हुए बदलते मौसम में बरती जाने वाली सावधानियां बताई गईं।