अमेठी सिटी। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने टोल टैक्स में बढ़ोतरी की है। गौरीगंज से गुजरे टांडा बांदा हाईवे पर ऐंधी के पास तो पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के भटमऊ स्थित टोल से गुजरने वाले वाहनों को एक अप्रैल से 10 प्रतिशत अतिरिक्त टोल टैक्स देना होगा। इस बढ़ोतरी से सड़क मार्ग से गुजरने वाले वाहन स्वामियों की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ेगा।
जिले के गौरीगंज स्थित टांडा-बांदा राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर स्थित टोल प्लाजा से प्रतिदिन जायस, रायबरेली व लखनऊ सहित अन्य स्थानों को जाने के लिए रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। इस मार्ग से सुल्तानपुर, मुंशीगंज, प्रतापगढ़, अमेठी की ओर से रायबरेली जाने वाले रायबरेली, बछरावां, फुरसतगंज की यात्रा महंगी होगी। इसी तरह नौ जिले को जोड़ने वाले बाजारशुकुल क्षेत्र से गुजरने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भी वाहनों से यात्रा करनी महंगी होगी। इस टोल से लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर के लोग बड़ी संख्या में यात्रा करते हैं। दोनों टोल प्लाजा पर वाहन स्वामियों की जेब हल्की होगी। टोल में बढ़ोतरी को लेकर एक सप्ताह पहले प्रस्ताव भेजा गया था। इस पर सड़क एवं परिवहन मंत्रालय ने 26 मार्च को मुहर लगा दी है। मंजूरी के बाद नई दर एक अप्रैल से प्रभावी होगी।
टोल में हर साल बढ़ोतरी, सुविधाओं में कटौती
एनएचएआई की ओर से हर साल टोल की दरों में बढ़ोतरी की जाती है, जिससे यहां से गुजरने वाले वाहन स्वामियों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। टोल कंपनियों की ओर से सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया जाता है, जिससे हाईवे पर दुर्घटनाओं का सिलसिला बना रहता है। जिले से जुड़े दो टोल प्लाजा से रोजाना लगभग 30 हजार वाहनों की आवाजाही होती है। यहां एक दिन का कलेक्शन एक करोड़ से अधिक होता है। ऐसे में टोल कंपनियों को सुविधाओं पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं होता है। हाईवे पर सुविधाओं की कमी के कारण वाहन स्वामियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में टोल कंपनियों को सुविधाओं पर ध्यान देना चाहिए और वाहन स्वामियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करनी चाहिए।
एक अप्रैल से टांडा-बांदा हाईवे के टोल प्लाजा की दर
वाहन का नाम - एकल यात्रा - 24 घंटे में वापसी - मासिक पास (माह में 50 बार यात्रा)
कार, जीप, वैन - 85 रुपये - 125 रुपये - 2800 रुपये
मिनी बस, छोटे व्यावसायिक वाहन - 135 रुपये - 205 रुपये - 4525 रुपये
बस व ट्रक - 285 रुपये - 425 रुपये - 9475 रुपये
तीन एक्सल वाले वाहन - 310 रुपये - 465 रुपये - 10335 रुपये
चार से छह एक्सल वाले वाहन - 445 रुपये - 670 रुपये - 14860 रुपये
छह एक्सल से बड़े वाहन - 545 रुपये - 815 रुपये - 18090 रुपये
नए रेट से होगी वसूली
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से टोल टैक्स शुरू में वृद्धि की गई है। निर्धारित रेट का अंकन बोर्ड में करवाते हुए नियमानुसार टोल टैक्स की वसूली होगी।
अनुराग सिंह, विभाग प्रमुख, टोल प्लाजा
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे स्थित टोल प्लाजा (लखनऊ की ओर) पर नई दरें
वाहन का नाम - एकल यात्रा - 24 घंटे में वापसी -
दो व तीन पहिया, ट्रैक्टर - 55 - 90
कार/जीप - 110 - 180
एलसीवी - 180 - 285
बस/ट्रक - 360 - 575
एचएमवी/एमएवी (तीन से छह एक्सल) - 550 - 885
ओएसवी (सात व उससे अधिक एक्सल वाले) - 705 - 1130
इनसेट
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर स्थित टोल प्लाजा (गाजीपुर की ओर) पर नई दर
वाहन का नाम - एकल यात्रा - 24 घंटे में वापसी -
दो पहिया, ट्रैक्टर - 295 रुपये - 470 रुपये
कार, जीप - 585 रुपये - 940 रुपये
छोटे व्यावसायिक वाहन - 930 रुपये - 1485 रुपये
बस व ट्रक - 1865 रुपये - 2985 रुपये
एचएमसी/ मल्टी एक्सल (तीन से छह एक्सल वाले) - 2865 रुपये - 4585 रुपये
बड़े आकार के वाहन (सात एक्सल से बड़े वाहन) - 3680 रुपये - 5885 रुपये
एक अप्रैल से लागू होगी नई दर
पूर्वांचल एक्सप्रेस वे किलोमीटर 58 पर टोल टैक्स की नई दर का प्रस्ताव एनएचएआई ने मंजूर किया है। बढ़ी हुई नई दरें एक अप्रैल से लागू कर दी जाएंगी।
-टोल प्रबंधक उपेंद्र पांडेय