अमेठी। कोरोना मरीजों के मिलने के साथ ही जिले में इससे जंग जीतने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। आलम यह है कि जिले में अब तक जहां कोरोना से मात्र 24 मौतें हुई हैं वहीं 2,269 ने कोराना महामारी को परास्त कर लोगों में उम्मीद भी जगाई है। शनिवार देर रात मिली रिपोर्ट में अलग-अलग ब्लॉक के 22 लोग पॉजिटिव मिले।
जिले में कोरोना का पहला मरीज पांच मई को मिला था। पहला कोरोना संक्रमित मिलने के बाद जिले में मरीज मिलने की रफ्तार लगातार घटती बढ़ती रही है। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की तमाम ठोस कोशिश व जागरूकता के बाद जिले में अब प्रतिदिन मिलने वाली मरीजों की संख्या में कमी आई है।
शनिवार रात अलग-अलग स्थानों से संग्रहीत 1,692 नमूनों में 22 लोग पॉजिटिव मिले। साथ ही मंगलवार को अस्पताल व होम आइसोलेशन में रहे 28 लोग स्वस्थ भी हुए। शनिवार रात मिली जांच रिपोर्ट में जगदीशपुर व मुसाफिरखाना ब्लॉक में चार-चार, शुुकुल बाजार में तीन, बहादुरपुर, अमेठी, जामो व गौरीगंज में दो-दो और सिंहपुर, भेटुआ व शाहगढ़ ब्लॉक में एक-एक स्थानीय नगारिक पॉजिटिव पाए गए।
डीएम अरुण कुमार ने मरीजों की हालत व उनकी सुविधा के अनुसार उपचार का प्रबंध अस्पताल/होम आइसोलेशन में कराते हुए पहले से गठित टीमों को बचाव कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है। डीएम ने बताया कि जिले में अब तक 2,583 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें से 2,269 ठीक हो चुके हैं तो 24 की मौत हो चुकी है। मौजूदा समय 290 मरीज कोविड अस्पताल में भर्ती या होम आइसोलेट हैं।