अमेठी। संग्रामपुर थाने के बड़गांव में सोमवार को पोस्टमास्टर के मकान में दिनदहाड़े घुसे चोरों ने 40 हजार रुपये की नगदी व करीब दो लाख रुपये कीमत के सोने व चांदी के आभूषण पार कर दिए। सूचना पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के बड़गांव निवासी शीतला प्रसाद पाठक गांव के ही डाकघर शाखा के पोस्टमास्टर हैं। शीतला प्रसाद के सड़क के किनारे स्थित मकान में ही पोस्ट ऑफिस का संचालन होता है। सोमवार को शीतला मकान के बाहर बैठकर कार्य निपटा रहे थे और उनकी पत्नी कमला पाठक पुश्तैनी मकान गई थीं।
इसी बीच अज्ञात चोर उनके मकान में घुसे और आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 40 हजार रुपये कैश व दो लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के आभूषण चुरा ले गए। दोपहर बाद जब शीतला प्रसाद की पत्नी कमला वापस लौटीं तो सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। शीतला प्रसाद ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ यादव ने अज्ञात केस दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।