अमेठी। जामो थाने के प्राथमिक विद्यालय भोएं में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में क्वांरटीन किए गए ग्रामीणों में से 18 ग्रामीण बुधवार सुबह भाग निकले। मामला सार्वजनिक हुआ तो प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
प्रशासन ने पहले तो गुपचुप तरीके से उन्हें खोजने की कोशिश की। नहीं मिलने पर गुरुवार को क्षेत्रीय लेखपाल से तहरीर दिलाकर सभी के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। केस दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद भाग निकले सभी ग्रामीण गुरुवार शाम क्वारंटीन सेंटर लौट आए।
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए प्रशासन ने जिले में 236 क्वारंटीन सेंटर बनाया है। इन सेंटरों में दूसरे प्रदेशों या जिलों से अपने घर लौटे 2,999 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। जामो थाने के भोएं गांव स्थित प्राथमिक स्कूल में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में भी 26 लोगों को क्वारंटीन किया गया है।
बुधवार सुबह नौ बजे भोएं के क्वारंटीन सेंटर पर उस समय हड़कंप मच गया जब क्वारंटीन किए गए लोगों में से 18 ग्रामीण भाग निकले। मामले की सूचना सार्वजनिक हुई तो प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल व ग्राम पंचायत सचिव समेत पूरा प्रशासनिक अमला गांव पहुंचा और भाग निकले लोगों की तलाश शुरू की।
भाग निकले लोगों के नहीं मिलने पर गुरुवार को लेखपाल राम लौट की तहरीर पर सभी 18 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। उधर, केस दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद सभी 18 ग्रामीण क्वारंटीन सेंटर वापस लौट आए। जामो एसएचओ रतन सिंह ने 18 ग्रामीणों के क्वारंटीन सेंटर से भागने, सभी के खिलाफ केस दर्ज होने तथा उनके वापस लौटने की पुष्टि की है।