अमेठी। जिले में शनिवार देर रात आई रिपोर्ट में मुसाफिरखाना के एक ही परिवार के नौ समेत 18 लोग संक्रमित पाए गए। 2,084 सैंपलों की रिपोर्ट में 2,066 निगेटिव निकले हैं। पॉजिटिव मिले लोगों के स्वास्थ्य व उनकी मांग पर उन्हें अस्पताल में भर्ती या होम आइसोलेट रहने की अनुमति दी गई है।
कोरोना संक्रमण की रफ्तार जिले में लगातार घट रही है। संक्रमण को बढने से रोकने के लिए लगातार संदिग्धों की सैंपलिंग कराई जा रही है। 16,17 व 18 को जिले में 2,084 लोगों की एंटीजन, आरटीपीसीआर व ट्रूनॉट विधि से जांच हुई।
शनिवार देर रात संकलित रिपोर्ट जिला प्रशासन को मिली। रिपोर्ट में मुसाफिरखाना ब्लॉक के एक गांव में रहने वाले एक ही परिवार के नौ समेत 18 लोग कोरोना संक्रमित मिले। पॉजिटिव मिले लोगों में शाहगढ़ व तिलोई ब्लॉक क्षेत्र के एक-एक, गौरीगंज के सात तो मुसाफिरखाना के नौ स्थानीय नागरिक शामिल हैं।
डीएम अरुण कुमार ने गठित सभी सर्विलांस टीम को सक्रिय कर दिया है। संक्रमितों के उपचार की व्यवस्था उनकी मांग व स्वास्थ्य के अनुसार की गई है। कंट्रोल रूम को नियमित निगरानी करने को कहा गया है। जारी आकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 2,726 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें से उपचार के बाद 2,457 ठीक हो चुके हैं। संक्रमित मरीजों में 24 की मौत हो चुकी है।