गौरीगंज के जेठूमवई स्थित पीएचसी पर इलाज करते चिकित्सक। संवाद
अमेठी सिटी। जिले के 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार को लगे जन आरोग्य मेले में 1795 मरीजों की जांच कर उपचार किया गया। गंभीर हालत में 12 मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया। बुखार, पेट दर्द और दस्त के मरीजों की संख्या अधिक रही।
गौरीगंज के जेठूमवई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह से ही मरीज पहुंचने लगे। डॉ. पीतांबर कनौजिया, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. उमेश कुमार और डॉ. आदित्य ने मरीजों की जांच कर दवाएं दीं। जेठूमवई निवासी साक्षी ने बताया कि हाथ में दाने निकलने के साथ जलन और खुजली हो रही थी। बाहर से दवा लेने पर राहत नहीं मिली तो मेले में उपचार कराया।
धनी जलालपुर निवासी राजनारायन मिश्र ने बताया कि एक सप्ताह से बुखार और बदन दर्द है। चिकित्सक ने जांच के बाद दवा दी और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी। मवई माताधाम निवासी हीरावती ने हाथ-पैर और कमर में दर्द की शिकायत बताई। शुकुलडीह निवासी बृजेशचंद्र ने कमजोरी के साथ फोड़े-फुंसी की समस्या बताई। चिकित्सकों ने लोगों को सफाई रखने, स्वच्छ या उबला पानी पीने और बुखार-दस्त होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने की सलाह दी।
सीएमओ ने ओदारी पीएचसी का किया निरीक्षण
बहादुरपुर के ओदारी स्थित पीएचसी में लगे आरोग्य मेले का सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने निरीक्षण किया। यहां 30 मरीजों का उपचार और चार मरीजों की जांच की गई। चार मरीजों को रेफर किया गया। सीएमओ ने परिसर में लगाए गए हरिशंकरी पौधों का भी निरीक्षण किया और उनकी देखभाल के निर्देश दिए। मेले में कंतलाल, अभिषेक तिवारी, सीमा शुक्ला, अनीता यादव, साधना सिंह और नीतू सिंह समेत स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।