अमेठी सिटी। परिषदीय विद्यालयों और घर में शिक्षा ले रहे दृष्टिबाधित विद्यार्थियों की पढ़ाई आसान बनाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग विशेष शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराएगा। कक्षा एक से आठ तक के 244 पात्र विद्यार्थियों के लिए ब्रेल स्टेशनरी और लो-विजन किट की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए विभाग ने 7.58 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया है।
योजना के तहत पूर्ण दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को ब्रेल स्टेशनरी और अल्प दृष्टि वाले बच्चों को लो-विजन किट दी जाएगी। विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रति बच्चे दो हजार रुपये की सामग्री उपलब्ध कराने का प्रावधान है। घर में शिक्षा प्राप्त करने वाले गंभीर दिव्यांग बच्चों को 3,500 रुपये तक की सामग्री और किट दी जाएगी।
विभाग के अनुसार ब्रेल सामग्री पूर्ण दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई का प्रमुख माध्यम बनेगी। वहीं लो-विजन उपकरण अल्प दृष्टि वाले बच्चों को अक्षरों और अध्ययन सामग्री को स्पष्ट रूप से देखने में मदद करेंगे। बीएसए संजय तिवारी ने स्पेशल एजुकेटरों को तीन दिन के भीतर पात्र विद्यार्थियों का विवरण और उनकी जरूरत के अनुसार सामग्री का मांगपत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
ब्रेल स्टेशनरी में ये सामग्री मिलेगी
पूर्ण दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए ब्रेल पेज और वर्कशीट, टैक्टाइल पुस्तकें व ग्राफ, फ्लैश कार्ड, डिजिटल टॉकिंग वॉच, टाइफ्रेम और अन्य ब्रेल शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इनसे बच्चे पढ़ने, लिखने और स्पर्श के माध्यम से अध्ययन सामग्री समझ सकेंगे।
लो-विजन किट में ये उपकरण
अल्प दृष्टि वाले विद्यार्थियों को हैंड लेंस, राइटिंग गाइड, टाइपोस्कोप, पोर्टेबल एलईडी मैग्नीफायर, सिग्नेचर गाइड, रीडिंग स्टैंड, बोल्ड मार्कर, 8-बी पेंसिल, ए-4 साइज शीट और रंग सामग्री समेत अन्य सहायक उपकरण दिए जाएंगे। इनसे छोटे अक्षरों और लिखने-पढ़ने की सामग्री को देखना आसान होगा।