जामो (अमेठी)। कोविड संक्रमण काल में परिषदीय स्कूलों में पंजीकृत बच्चों को खाद्यान्न सुरक्षा मिशन के तहत राशन व भत्ता वितरित किया जा रहा है। जामो विकास खंड के यूपीएस नंदमहर में पंजीकृत 179 बच्चों को भुगतान के लिए तीन माह पहले बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक स्थानीय शाखा में भेजा गया था।
धन भेजने के बाद आज तक बच्चों के खाते में धनराशि का अंतरण नहीं हुआ। ऐसे में बच्चों के अभिभावक अफसर व बैंक का चक्कर लगाने को मजूबर हैं। सूचना के बावजूद जिम्मेदार मौन धारण किए हैं।
शैक्षिक सत्र 2020-21 में परिषदीय स्कूलों में कोविड संक्रमण को देखते हुए ऑनलाइन व मोहल्ला पाठशाला विधि से बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। पढ़ाई के साथ प्रभावित मध्याह्न भोजन को प्रभावी बनाने के लिए पंजीकृत बच्चों को राशन कोटेदार के माध्यम से तो कंवर्जन कॉस्ट की राशि बच्चों के बैंक खातों में अंतरित की जा रही है।
शासन से खाद्यान्न सुरक्षा भत्ता में धनावंटन होने के बाद जामो विकास खंड के उच्च प्राथमिक स्कूल नंदमहर में पंजीकृत 179 बच्चों को प्रति छात्र 561 रुपये बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की स्थानीय शाखा में भेजा गया था। तीन माह से अधिक का समय बीतने के बावजूद बैंक से बच्चों के खातों में धनराशि का अंतरण नहीं हुआ।
प्रधानाध्यापक राम अचल ने बताया कि बच्चों का विवरण एवं चेक बैंक शाखा में जमा किया जा चुका है। राशि बैंक कर्मियों की लापरवाही से नहीं अंतरित हो सकी। प्रधानाध्यापक ने कहा कि कई बार बैंक शाखा में मौखिक एवं लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया है इसके बावूजद राशि अंतरित नहीं होने की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है।
बीएसए विनोद कुमार मिश्र ने कहा कि प्रकरण उनके संज्ञान में नहीं है यदि ऐसा है तो जांच कराकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी। शाखा प्रबंधक ओम प्रकाश उपाध्याय ने बताया कि स्टाफ की कमी से अंतरण में विलंब हुआ है। जल्द ही बच्चों के खाते में खाद्यान्न सुरक्षा भत्ता राशि का अंतरण किया जाएगा।