गोसाईगंज पीएचसी पर मरीजों का इलाज करते चिकित्सक। संवाद
अमेठी सिटी। बुखार, बदन दर्द, खांसी, सांस फूलने और पेट दर्द से परेशान मरीज रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में उपचार कराने पहुंचे। जिले के 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की कतार लगी रही। चिकित्सकों ने 1757 मरीजों की जांच कर उपचार किया। गंभीर हालत में 22 मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया।
गोसाईगंज पीएचसी में सुबह से मरीज पहुंचने लगे। दोपहर 12:20 बजे डॉ. अनुराधा शर्मा और डॉ. अशोक पांडेय ने मरीजों की जांच की। कोहरा निवासी कर्मा देवी ने बताया कि 15 दिन से पेट दर्द और गैस की समस्या है। बाहर से दवा लेने पर भी राहत नहीं मिली। चहंदरा निवासी रीता कुमारी एक माह से कमर दर्द से परेशान हैं। जांच के बाद नस में समस्या बताई गई थी।
रग्घा सिंह का पुरवा ककवा निवासी रामदुलारे ने गर्दन और कंधों में दर्द की शिकायत बताई। जगतगांव निवासी अब्दुल समत खान एक सप्ताह से बुखार और बदन दर्द से परेशान थे। जांच के बाद चिकित्सक ने दवा दी। चिकित्सकों ने सफाई रखने, स्वच्छ या उबला पानी पीने और बुखार-दस्त होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने की सलाह दी।
सीएमओ ने किया निरीक्षण
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने चंडेरिया पीएचसी में मेले का निरीक्षण किया। यहां 47 मरीजों की जांच हुई। 17 की डायबिटीज और ब्लड प्रेशर स्क्रीनिंग की गई। सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। उन्होंने शाहगढ़ के सेवा संकल्प स्वास्थ्य शिविर और 108 एंबुलेंस का निरीक्षण किया। सफाई और पर्याप्त इमरजेंसी दवाएं रखने के निर्देश दिए। इसके बाद ड्रग वेयरहाउस का निरीक्षण किया।