गौरीगंज (अमेठी)। मतगणना के दौरान रविवार को भादर मतगणना स्थल पर पहले से कोरोना पॉजिटिव 16 लोग वोटों की गिनती कराते मिले। इस खुलासे के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन परिसर में मौजूद 150 लोगों की एंटीजन जांच हुई तो सात और लोग पॉजिटिव पाए मिले।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से प्रशासन को निर्देश दिए गए थे कि मतगणना एजेंट बने ऐसे ही लोगों को ही गणना कक्ष में प्रवेश दिया जाए जो 48 घंटे पहले की एंटीजन या आरटीपीसीआर रिपोर्ट लेकर आएं या फिर मौके पर उनकी जांच की जाए।
रविवार को भादर ब्लॉक के मतगणना हॉल में 16 ऐसे लोग घुस गए जो पूर्व में आरटीपीसीआर जांच का नमूना दे चुके थे। ऐसे लोगों के काउंटिंग स्थल पर मौजूद होने की भनक लगी।
सूचना मिलते ही सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजय कुमार मिश्र ने तत्काल दो दिनों की आरटीपीसीआर लिस्ट मंगवाई और मौके पर पहुंचकर पहचान शुरू कराई तो 16 ऐसे लोग अंदर मौजूद मिले जो पॉजिटिव थे। प्रशासन की सख्ती के बाद उन्हें बाहर निकाला जा सका। इसके बाद स्वस्थ्य टीम ने 150 लोगों की मौके पर एंटीजन जांच की तो सात और लोग पॉजिटिव मिले।
सामुदायिक संक्रमण का अंदेशा
मतगणना स्थल पर रविवार को वोटों की गिनती कराते मिले 23 लोगों में तीन-चार लोग ग्राम प्रधान या बीडीसी के प्रत्याशी हैं। इन लोगों ने पिछले दिनों से घूम-घूम कर प्रचार व जनसंपर्क किया। रविवार को भी वे भीड़ के बीच अपने वोटों की गिनती करा रहे थे। ऐसी लापरवाही से क्षेत्र में सामुदायिक संक्रमण का भय बन गया है।