गौरीगंज (अमेठी)। परिषदीय स्कूलों में बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने के लिए शासन ने स्मार्ट क्लास संचालित करने के साथ स्कूलों का डिजिटलीकरण करने की योजना बनाई है।
कवायद सफल हो सके इसके लिए पहले चरण में जिले के 15 स्कूलों का चयन किया गया है। स्कूल चयनित होने के बाद एचडीएफसी बैंक के सीएसआर फंड से स्मार्ट टीवी की आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए महानिदेशक ने बीएसए को व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया है।
राज्य शैक्षिक कार्यक्रम के तहत परिषदीय स्कूल को निजी स्कूलों की तर्ज पर संचालित करने की कोशिश चल रही है। कायाकल्प योजना के तहत स्कूलों का साैंदर्यीकरण करने के साथ ही उन्हें अवस्थापना सुविधा से आच्छादित किया जा रहा है।
इसी बीच शासन ने स्कूलों का डिजिटलीकरण करते हुए स्मार्ट क्लास संचालित करने की योजना बनाई है। कवायद सफल हो सके इसके लिए पहले चरण में 15 परिषदीय स्कूलों का चयन किया गया है। चयनित स्कूलों का डिजिटलीकरण एचडीएफसी बैंक के सीएसआर फंड से किया जाएगा।
स्कूलों के डिजिटलीकरण के लिए आवश्यक टीवी व उपकरण की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके इसके लिए महानिदेशक विजय किरण आनंद ने जोनल हेड एचडीएफसी बैंक अनिल खुगसल को पत्र भेजकर चिह्नित स्कूलों का डिजिटलीकरण करने को कहा है।
साथ ही स्कूलों में स्मार्ट क्लास संचालित करने की सभी व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया है। महानिदेशक का पत्र मिलने के बाद बीएसए विनोद कुमार मिश्र ने चिन्हित स्कूल के प्रधानाध्यापकों व संबंधित ब्लॉक के बीईओ को स्कूल के डिजिटलीकरण के लिए आवश्यक सुविधा व संसाधन की व्यवस्था करते हुए आपूर्ति होने के बाद स्मार्ट क्लास से बच्चों को डिजिटल विधि से शिक्षित करने को निर्देश दिया है।
इन स्कूलों का होगा डिजिटलीकरण
जिला समन्वयक प्रशिक्षण अभिनव पांडेय ने बताया कि एचडीएफसी बैंक के सीएसआर फंड से उच्च प्राथमिक स्कूल सरायखेमा, मड़ौली, भादर द्वितीय व लहना तथा प्राथमिक स्कूल हथकिला, सरदान, बालचंद्रपुर, इरहा, दादरा प्रथम, पूरे मलिक, सीवान, फत्तेपुर, तिलोई, असनी व खालिदपुर में स्मार्ट टीवी की आपूर्ति करेगा। उपकरणों की आपूर्ति के बाद स्कूलों में बच्चों को बेहतर शिक्षा ग्रहण करने का अवसर मिलेगा।