अमेठी सिटी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान ड्राॅफ्ट सूची का प्रकाशन हो चुका है। अब तक जिले में करीब 20 हजार से अधिक दावा-आपत्तियां आईं है। इसमें 14 हजार से अधिक लोगों ने नए मतदाता बनने के लिए फॉर्म छह भरकर आवेदन किया। छह फरवरी तक दावा व आपत्तियों ली जाएंगी।
एसआईआर प्रक्रिया के तहत निर्धारित समय में जिले में चारों विधानसभाओं के 1,489 बूथों पर 14,36,528 के सापेक्ष 11,69,287 मतदाताओं के फॉर्म डिजिटाइज्ड हुए। मतदाता सूची का ड्राॅफ्ट प्रकाशन हो चुका है। वहीं 2,67,241 मतदाताओं के नाम प्रकाशित अनंतिम सूची से कट गए हैं। इसके अलावा अनमैपिंग अर्थात अधूरी जानकारी देने वाले 1,08, 493 मतदाताओं को अब नोटिस जारी करने की प्रक्रिया चल रही है।
छह फरवरी तक दावा और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तिथि निर्धारित है, जिनका निस्तारण 27 फरवरी तक किया जाएगा। जिले में अब तक फॉर्म छह भरकर करीब 14 हजार आवेदन किए गए हैं। वहीं 600 से अधिक फॉर्म सात और पांच हजार से अधिक फॉर्म आठ के आवेदन मिले हैं।
जिले के कुछ लोगों ने 28 अक्तूबर 2025 के पहले नया मतदाता बनने के लिए फार्म-छह भरे थे लेकिन घोषणा पत्र नहीं भरा था। ऐसे में लोगों को फिर घोषणा पत्र भरना जरूरी होगा। नए मतदाता के लिए जन्मतिथि प्रमाणपत्र लगाना है। सिर्फ आधार कार्ड से काम नहीं चलेगा। नए मतदाता खुद या बीएलओ के माध्यम से मैपिंग कराएंगे। अपने पिता या दादा का नाम मतदाता सूची में तलाशेंगे। यदि नहीं मिलता है तो बीएलओ की सहायता लेंगे। एसआईआर में यदि पुराना फोटो लगा है तो उसे बदला जा सकता है।
एडीएम वित्त व राजस्व अर्पित गुप्ता ने बताया कि ड्राॅफ्ट मतदाता सूची जारी की गई है। अब अनमैपिंग वाले मतदाताओं को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। दावे व आपत्ति छह फरवरी तक लिए जाएंगे। नए वोटर बनाने के साथ ही किसी भी तरह के संशोधन के लिए भी आवेदन लिए जा रहे हैं।