गौरीगंज (अमेठी)। जिले के चार केंद्रों के 14 प्वाइंट पर शुक्रवार को 1400 स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। इसके लिए तैयारियों को स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने बृहस्पतिवार शाम तक पूरा किया।
टीका लगाने के लिए जिला अस्पताल के साथ अमेठी, जगदीशपुर तथा बाजार शुकुल सीएचसी पर 14 प्वाइंट बनाए गए हैं। हर प्वाइंट पर 100 लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सीएस अग्रवाल ने बताया कि अमेठी में छह, जगदीशपुर में चार तथा जिला अस्पताल व बाजार शुकुल में दो-दो प्वाइंट बनाए गए हैं।
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि जिले के सभी 14 प्वाइंट पर वैक्सीनेशन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नामित सभी स्वास्थ्य कर्मियों को सूचित कर दिया गया है। सभी स्थानों पर नोडल अफसर तैनात किए गए हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सीएस अग्रवाल ने बताया कि जिले में पहले चरण के लिए 7,858 हेल्थ केयर वर्कर चिन्हित किए गए हैं, जबकि जिले को वैक्सीन की 9,760 डोज मिली है।
इन्हें नहीं लगेगी वैक्सीन
सीएमओ ने बताया कि कोरोना टीकाकरण के दौरान 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिला, स्तनपान कराने वाली महिला के साथ कोरोना के एक्टिव मरीज व ऐसे लोगों को टीका नहीं लगेगा जिनमें सर्दी, जुखाम, बुखार या खांसी आदि के लक्षण हों।