जगदीशपुर (अमेठी)। क्षेत्र में सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में 14 लोग घायल हो गए। हादसे में एक वनरोज की मौत हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दो की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
कमरौली क्षेत्र से गुजरने वाले हाईवे पर जाफरगंज के पास सोमवार को शिवरतनगंज के सेमरौता गांव निवासी राहुल शुक्ल की कार वनरोज से टकरा गई। हादसे में वनरोज की मौके पर मौत हो गई। कार सवार राहुल शुक्ल के साथ उनकी पत्नी नीतू शुक्ला, पांच वर्षीय बेटा शिवाय व दो अन्य महिलाएं घायल हो गईं। इसके साथ ही सिधियावां गांव निवासी अकील (30) की भी बाइक वनरोज से टकरा गई और अकील घायल हो गए। इसी गांव के रहने वाले अल्काम (32) अपने गांव के जुनैद (30) के साथ सोमवार बाइक से कहीं जा रहे थे। रास्ते में बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे के डिवाइडर से टकरा गई और दोनों घायल हो गए।
जामों के राजामऊ गांव के रहने वाले शिवप्रकाश (56) अपनी पत्नी स्नेहलता (55) के साथ बाइक से सोमवार को रिश्तेदारी में जा रहे थे। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर जगदीशपुर के तेतारपुर के पास सामने से अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गए। मोहनगंज थाने के मिर्जागढ़ गांव निवासी अमन शर्मा (24) व जगदीशपुर के हारीमऊ निवासी अखिलेश गुप्ता (24) और बूबूपुर निवासी हरिशंकर तिवारी (26) भी सोमवार को बाइक के अनियंत्रित होने से गिरकर घायल हो गए। जगदीशपुर के पिछूती निवासी सुमित्रा देवी (45) ई रिक्शा से जाते समय गिरकर घायल हो गईं। हादसे में घायल अल्काम और जुनेद की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।