गौरीगंज (अमेठी)। कोविड की दूसरी लहर में आर्थिक संकट से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के बाद प्रदेश सरकार ने भी तीन माह निशुल्क राशन देने की योजना बनाई है।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत जिले के 70,378 अंत्योदय व पात्र गृहस्थी कार्डधारकों के लिए 85128.35 क्विंटल राशन दिया गया है।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत संचालित कोटे की दुकानों पर रविवार से उपभोक्ताओं को निशुल्क राशन मिलेगा।
संक्रमण की दूसरी लहर में लोगों को राशन की परेशानी से बचाने के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत मई माह से छह माह तक निशुल्क राशन वितरण शुरू कराया था।
वहीं प्रदेश सरकार ने जून से तीन माह तक राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत उपभोक्ताओं को मिलने वाले राशन को निशुल्क देने का निर्णय लिया है।
प्रदेश सरकार के इस निर्णय के तहत अब जिले में ग्रामीण क्षेत्र के 69,014 व शहरी क्षेत्र के 4,956 अंत्योदय कार्डधारकों को 35 किलोग्राम, 2,72,745 ग्रामीण व 10,945 शहरी क्षेत्र के पात्र गृहस्थी योजना के उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट पांच किलोग्राम राशन अगस्त माह तक निशुल्क मिलेगा।
डीएसओ संजय कुमार ने बताया कि जिले के 70,378 अंत्योदय कार्ड धारकों के लिए 14075.60 क्विंटल गेहूं व 10556.70 क्विंटल चावल तथा पात्र गृहस्थी के 2,83,690 कार्ड धारकों के 12,11,721 यूनिट के लिए 36351.63 क्विंटल गेहूं व 24234.42 क्विंटल चावल का आवंटन प्राप्त हुआ है।
कहा कि प्राप्त आवंटन को ग्राम पंचायतवार विभाजित कर ब्लॉक गोदामों से 764 कोटेदारों को आपूर्ति भी कर दी गई है। कोटेदारों को आपूर्ति करने के बाद पूर्ति विभाग पारदर्शी ढंग से वितरण कराने में जुटा है।
डीएसओ ने कोटेदारों को रविवार से कोविड बचाव नियमों के बीच नामित पर्यवेेक्षक की मौजूदगी में प्वाइंट ऑफ सेल मशीन से अंत्योदय कार्डधारकों को 35 किलो तो पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट तीन किलोग्राम गेहूं व दो किलोग्राम चावल समेत पांच किलो ग्राम राशन निशुल्क उपभोक्ताओं में वितरित करने का निर्देश दिया है।