गौरीगंज (अमेठी)। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन सोमवार से बहाल होगा। यात्रियों की परेशानी व उनकी मांग पर विभाग ने शनिवार को आदेश जारी कर दिया है।
आदेश मिलने के बाद संचालन विभाग ट्रेन को संचालित कराने की कोशिश में जुट गया है। फिलहाल ट्रेन पर आरक्षित टिकट पर ही यात्रा की सुविधा मिलेगी।
कानपुर, लखनऊ व रायबरेली में नौकरी करने वालों के साथ बड़ी संख्या में व्यापारी कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस से यात्रा करते हैं। कोविड संक्रमण काल में विभाग ने तीन अप्रैल से ट्रेन का संचालन बंद कर दिया था।
ट्रेन बंद होने के बाद से दैनिक यात्रियों के साथ अन्य यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। यात्रियों की मांग पर विभाग ने सोमवार से ट्रेन संचालित करने का निर्देश दिया है।
विभाग का निर्देश मिलने के बाद संचालन विभाग नियमित ट्रेन के संचालन की कोशिश में जुट गया है। ट्रेन संचालित होने से प्रतापगढ़, अमेठी, जायस, फुसरतगंज, रायबरेली, बछरावां, निगोहा, लखनऊ, उन्नाव व कानपुर की यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी तो विभाग की आय में इजाफा होगा।
फिलहाल अभी इंटरसिटी में मासिक पास व साधारण टिकट पर यात्रा की सुविधा यात्रियों को नहीं मिलेगी। ट्रेन से यात्रा करने वालों को ट्रेन आगमन से चार घंटे पूर्व ऑनलाइन या बुकिंग काउंटर से आरक्षित टिकट कराना पड़ेगा।
स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह ने सोमवार से अप/डाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन शुरू होने तथा आरक्षित टिकट पर ही यात्रा की सुविधा मिलने की पुष्टि की है।