गौरीगंज के रणंजय इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी।-संवाद
अमेठी सिटी। होमगार्ड भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन सोमवार को जिले के आठ केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। कुल 5280 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 3897 ने परीक्षा दी, जबकि 1383 अनुपस्थित रहे।
पहली पाली सुबह नौ बजे से 12:05 बजे तक चली, जिसमें 2640 में से 1938 अभ्यर्थी शामिल हुए और 702 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक हुई, जिसमें 2640 में से 1959 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 681 अनुपस्थित रहे। तीन दिनों में कुल 15840 अभ्यर्थियों में से 3981 परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। अंतिम दिन अमेठी, गौरीगंज, मुंशीगंज और रामनगर में जाम की स्थिति बनी रही। परीक्षा केंद्रों और रोडवेज बस स्टेशन के पास वाहन रेंगते रहे। चिलचिलाती धूप में अभ्यर्थियों और अभिभावकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
धूप में सफर, बसों में उमड़ी भीड़
परीक्षार्थियों को तेज धूप में सफर करना पड़ा। रोडवेज बसों में भारी भीड़ के कारण सीटों के लिए मारामारी रही। गौरीगंज बस स्टॉप और अमेठी बस स्टेशन पर सुबह, दोपहर और शाम को भीड़ रही। पहली पाली समाप्त होते ही सुल्तानपुर जाने वाले अभ्यर्थियों की भीड़ बढ़ गई। बसें कुछ ही मिनटों में भर गईं, जिससे अन्य परीक्षार्थियों को इंतजार करना पड़ा। एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि 15 बसें लगाई गई थीं और पांच बसें रिजर्व रखी गई थीं।