डामरीकरण के लिए प्रस्तावित रणवीर नगर मार्ग से भगन अहीर का पुरवा संपर्क मार्ग।
अमेठी सिटी। रणवीर नगर मार्ग से भगन अहीर का पुरवा तक जाने वाले कच्चे संपर्क मार्ग पर अब गड्ढों से भरा सफर खत्म होने की उम्मीद है। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे इस मार्ग का डामरीकरण कराया जाएगा। इसके लिए 1.35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सड़क बनने से आसपास के छह गांवों के करीब 50 हजार लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
यह मार्ग प्रतापगढ़-जगदीशपुर राजमार्ग को जोड़ता है। रणवीर नगर, सेमरहवा, भगन अहीर का पुरवा, गोड़वा, गहरी और कुर्मी का पुरवा के ग्रामीण बाजार, अस्पताल, ब्लॉक, तहसील और जिला मुख्यालय जाने के लिए इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। मौजूदा समय में सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। बरसात में इनमें पानी भरने से आवागमन और मुश्किल हो जाता है।
रणवीर नगर के मोनू यादव ने बताया कि सड़क खराब होने से रोजाना आने-जाने में परेशानी होती है। सेमरहवा के रामपाल और भगन अहीर का पुरवा के हंसराज ने कहा कि बारिश में गड्ढे पानी से भर जाते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। गहरी के रामकेतर के मुताबिक, सड़क बनने से अस्पताल और जिला मुख्यालय पहुंचना आसान होगा।
प्रस्ताव को मिली मंजूरी
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि संपर्क मार्ग के डामरीकरण का प्रस्ताव स्वीकृत हो गया है। करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क पर 1.35 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अवर अभियंता की निगरानी में निर्माण कार्य कराया जाएगा।