गौरीगंज (अमेठी)। जिले में शुक्रवार को 13 केंद्रों पर टीकाकरण हुआ। इस चरण में पांच फरवरी को पहली डोज लगवाने वाले 1,436 को दूसरी डोज के लिए सूचीबद्ध किया गया था। बावजूद इसके 183 कर्मी टीका लगवाने केंद्र पर नहीं पहुंचे। टीकाकरण केंद्र पर स्वत: पहुंचे 556 बुजुर्ग व बीमार को टीका लगाया गया।
जिले के सभी केंद्रों पर शुक्रवार को कुल 1809 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। टीका लगवाने के बाद किसी को कोई परेशानी नहीं हुई। केंद्र पर पहुंचे स्वास्थ्य कर्मियों का सूची से मिलान करने के बाद उन्हें वेटिंग रूम में बैठाया गया।
नंबर आने के बाद एक-एक को वैक्सीनेशन कक्ष में भेजा गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकरी डॉ. सीएस अग्रवाल ने बताया कि सूचना के बावजूद सभी प्वाइंट पर 1,436 के सापेक्ष 1,253 स्वास्थ्य कर्मी ही वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने पहुंचे। 556 लोगों को पहली डोज दी गई। सीएमओ डॉ. आशुतोष दुबे ने बताया कि टीका लगवाने वाले किसी भी स्वास्थ्य कर्मी को कोई दिक्कत नहीं हुई।