अमेठी सिटी। नॉन इंटरलॉकिंग कार्य पूरा करने के लिए जारी ब्लॉक आदेश से अयोध्या रूट की कुछ ट्रेनों को निरस्त करने के साथ कई का रास्ता बदला गया है। रूट बदले जाने से 12 ट्रेनें अमेठी से होकर संचालित होंगी। इनमें छह ट्रेनें प्रतिदिन, जबकि छह ट्रेनों का संचालन सप्ताह में एक बार होगा।
बाराबंकी में यार्ड रिमॉडलिंग और अयोध्या मार्ग की दूसरी रेल लाइन को जोड़ने के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य को पूरा कराने के लिए लखनऊ-अयोध्या रेल मार्ग की ज्यादातर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। 12 दिसंबर से 16 जनवरी तक जारी ब्लॉक आदेश के बाद न सिर्फ उस रूट के यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी, बल्कि लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर संचालित ट्रेनों का भी परिचालन समय से हो पाना संभव नहीं होगा। ऐसे में ट्रेनों के विलंब से संचालित होने से यात्रियों को परेशानी होगी।
रेलवे की ओर से जारी आदेश में भगत की कोठी-कामाख्या एक्सप्रेस 12, 19 व 26 दिसंबर, 2 व 9 जनवरी को और कामाख्या-भगत की कोठी एक्सप्रेस 15, 22 व 29 दिसंबर, 5 व 12 जनवरी को लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक से अमेठी होकर संचालित होगी।
न्यू तिनसुकिया-अमृतसर एक्सप्रेस 12, 19, 26 दिसंबर, 2 व 9 जनवरी, अमृतसर-न्यू तिनसुकिया एक्सप्रेस 15, 22, 29 दिसंबर, 5 व 12 जनवरी, मुंबई सेंट्रल-कटिहार स्पेशल 16, 23, 30 दिसंबर, 6 व 13 जनवरी और कटिहार-मुंबई सेंट्रल स्पेशल 19, 26 दिसंबर, 2, 9 व 16 जनवरी को मार्ग परिवर्तन के कारण प्रतापगढ़-रायबरेली के रास्ते संचालित की जाएगी।
हावड़ा-योग नगरी ऋषिकेश दून एक्सप्रेस और योग नगरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस 16 दिसंबर से 14 जनवरी तक लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक से अमेठी होकर संचालित होगी। कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस, जम्मू तवी-कोलकाता, फिरोजपुर कैंट-धनबाद गंगा सतलज एक्सप्रेस और धनबाद-फिरोजपुर कैंट गंगा सतलज एक्सप्रेस 11 दिसंबर से 14 जनवरी तक मार्ग परिवर्तन के कारण अमेठी स्टेशन से होकर गुजरेगी।
स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि अयोध्या रूट की 12 ट्रेनों का रूट बदला गया है। ये ट्रेनें अलग-अलग तिथियों में रायबरेली से होकर गुजरेंगी। इन ट्रेनों के संचालन से ट्रैक के दोहरीकरण होने से कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। परिवर्तित मार्ग की ट्रेनों का गौरीगंज में ठहराव नहीं होगा।
निरस्त रही जनता व योग नगरी एक्सप्रेस
अमेठी सिटी। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर संचालित अप व डाउन वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस व प्रयागराज-हरिद्वार एक्सप्रेस का संचालन सोमवार को निरस्त रहा। इन ट्रेनों के निरस्त होने से सर्वाधिक परेशानी हरिद्वार व देहरादून के यात्रियों को हुई। ट्रैक की एकमात्र हरिद्वार व देहरादून के लिए ट्रेन होने से यात्रियों को यात्रा स्थगित करनी पड़ी। राम जनम, राम सुरेश व कल्पनाथ ने बताया कि वे लोग जनता एक्सप्रेस से हरिद्वार दर्शन के लिए जा रहे थे। लेकिन जनता के निरस्त होने से यात्रा स्थगित करनी पड़ी। अब मंगलवार को जनता से हरिद्वार की यात्रा करेंगे।