अमेठी सिटी। हरदोई-बालामऊ स्टेशन के उच्चीकरण कार्य के लिए निरस्त की गईं 12 ट्रेनों से यात्री परेशान हैं। दिल्ली संग अमृतसर व देहरादून के लिए एक भी ट्रेन नहीं होने से यात्रियों को आरक्षित टिकट निरस्त करवाकर यात्रा स्थगित करनी पड़ रही है तो नई तिथि का कन्फर्म टिकट बुक करवाना किसी चुनौती से कम नहीं है।
सहालग के साथ महाकुंभ में परिवार संग स्नान करने की चाह में घर आए परदेसियों को ड्यूटी पर वापसी करना परेशानी भरा साबित हो रहा है। हरदोई-बालामऊ स्टेशन के उच्चीकरण कार्य को पूरा करवाने के लिए रेलवे की ओर से अप व डाउन वाराणसी-दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, प्रतापगढ़-दिल्ली पद्मावत एक्सप्रेस, दानापुर-आनंद विहार जनसाधारण एक्सप्रेस, वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल संग मालदा टाउन एक्सप्रेस और राजेंद्रनगर-जम्मूतवी अर्चना एक्सप्रेस निरस्त कर दी गई है।
ऐसे में सोमवार को गौरीगंज स्टेशन पहुंचे हावड़ा, पटना, दानापुर, बालामऊ, हरदोई, बरेली, मुरादाबाद, रामपुर, सहारनपुर, अंबाला, लुधियाना, जालंधर व अमृतसर, दिल्ली, रायबरेली, लखनऊ सहित अन्य स्टेशन की यात्रा करने वाले यात्री परेशान हो गए। आलम यह रहा कि दिल्ली के लिए एक भी ट्रेन नहीं होने से यात्रियों को अपना आरक्षित टिकट निरस्त करवाकर यात्रा तक स्थगित करनी पड़ी। नई तिथि का कन्फर्म टिकट बुक करवाने में पसीना बहाना पड़ रहा है।
इसके अतिरिक्त सोमवार को पुरी-लखनऊ एक्सप्रेस एक घंटे तो वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस दो घंटे तो पुरी-आनंद विहार नीलांचल एक्सप्रेस तीन घंटे देरी से गौरीगंज आई। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि हरदोई-बालामऊ स्टेशन के उच्चीकरण कार्य को पूरा करने के लिए पूर्व में जारी आदेश के क्रम में सभी ट्रेनें निरस्त थीं। ट्रेन निरस्त होने की सूचना पहले से सार्वजनिक है।