अमेठी। जिले में कोविड की धीमी रफ्तार के बीच बृहस्पतिवार रात मिली जांच रिपोर्ट में बीएचईएल के पांच कर्मी समेत 12 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। जांच रिपोर्ट में 2,024 के निगेटिव होने के साथ ही जिले में अब तक 2,794 लोग कोरोना संक्रमण से सही हो चुके हैं।
पांच मई से जिले में कोरोना पॉजिटिव मिलने का शुरू हुआ सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिला प्रशासन की कोशिश व जागरूकता के बावजूद प्रतिदिन मरीज मिल रहे हैं।
बृहस्पतिवार देर रात मिली जांच रिपोर्ट में बीएचईएल के पांच कर्मी समेत 12 स्थानीय नागरिक कोरोना संक्रमित मिले। स्वास्थ्य विभाग की ओर से तीन दिनों में अलग-अलग स्थानों से ट्रूनॉट, आरटीपीसीआर व एंटीजन विधि से 2,036 लोगों की जांच कराई गई।
बृहस्पतिवार को संकलित जांच रिपोर्ट में 2,024 की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। कोरोना संक्रमित मिले लोगों में बीएचईएल के पांच कर्मी व एक स्वास्थ्य कर्मी तो भेटुआ व सिंहपुर ब्लॉक के अलग-अलग गांव के दो-दो तथा भादर व शाहगढ़ ब्लॉक के एक-एक स्थानीय नागरिक शामिल हैं।
रिपोर्ट मिलने के बाद संक्रमितों के स्वास्थ्य व उनकी मांग के अनुसार होम आइसोलेट/ अस्पताल में भर्ती कर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए डीएम ने पूर्व में गठित टीम को सक्रिय कर दिया है।
टीम को प्रोटोकॉल के तहत संक्रमित क्षेत्र में संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान व सैंपलिंग के साथ अन्य कार्य शुरू करने का निर्देश दिया गया है। डीएम ने बताया कि जिले में अब तक 2,957 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं।
इनमें 27 की मौत हो चुकी है तो 2,794 उपचार के बाद सही हो चुके हैं। वर्तमान में 136 लोगों को होम आइसोलेट/अस्पताल में भर्ती कर उपचार व निगरानी की जा रही है।