अमेठी सिटी। गंभीर बीमारियों की जांच के लिए अब अमेठी के मरीजों को लखनऊ और दूसरे बड़े शहरों की दौड़ लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है। गौरीगंज संयुक्त जिला अस्पताल में तैयार हो रही इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब (आईपीएचएल) शुरू होने के बाद एक रुपये के परचे पर 117 तरह की जांच की सुविधा एक ही परिसर में मिलेगी। करीब 80 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रही इस लैब से जिले की 18.68 लाख आबादी को लाभ मिल सकेगा।
जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 1200 मरीज पहुंचते हैं। ऐसे में लैब शुरू होने से बड़ी संख्या में मरीजों को सस्ती और सुलभ जांच सुविधा मिलने की उम्मीद है। अभी कई गंभीर बीमारियों की विशेष जांच के लिए मरीजों को निजी पैथोलॉजी सेंटरों का सहारा लेना पड़ता है। कुछ जांचों के नमूने दूसरे शहरों में भेजने पड़ते हैं। इससे रिपोर्ट मिलने में देरी होती है और मरीजों का खर्च भी बढ़ता है।
नई लैब में कैंसर, गुर्दा, थायराइड और संक्रमण संबंधी बीमारियों की पहचान में उपयोगी जांचें उपलब्ध होंगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जिला अस्पताल परिसर में करीब 400 वर्गफीट क्षेत्रफल में आधुनिक प्रयोगशाला विकसित की जा रही है। इसमें तीन शिफ्टों में 24 घंटे जांच की सुविधा प्रस्तावित है। प्रतिदिन एक हजार से अधिक सैंपल जांचने की क्षमता विकसित करने की योजना है। इससे आपातकालीन मरीजों को भी जांच रिपोर्ट के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
सीएमओ डॉ. रमेश का कहना है कि लैब के संचालन की तैयारियां पूरी कराई जा रही हैं। जल्द ही मरीजों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
कैंसर व थायराइड की भी होगी जांच
नई लैब में हेमेटोलॉजी, बायोकैमिस्ट्री, सेरोलॉजी और मॉलिक्यूलर बायोलॉजी से जुड़ी जांचें होंगी। सीबीसी, प्लेटलेट्स, हीमोग्लोबिन, एलएफटी, केएफटी, लिपिड प्रोफाइल, एचआईवी और हेपेटाइटिस की जांच की जा सकेगी। इसके अलावा पीसीआर से संक्रमण की पुष्टि, टीबी की जांच, कल्चर और शरीर में गांठ की जांच के लिए एफएनएसी की सुविधा भी प्रस्तावित है। डेंगू, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस और स्क्रब टाइफस जैसी बीमारियों की पहचान में भी मदद मिलेगी।
निजी पैथोलॉजी पर निर्भरता होगी कम
थायराइड प्रोफाइल, हार्मोन और विटामिन-डी जैसी विशेष जांचों के लिए निजी पैथोलॉजी केंद्रों पर मरीजों को अधिक खर्च करना पड़ता है। नई लैब में प्रस्तावित व्यवस्था के तहत एक रुपये के अस्पताल परचे पर जांच सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को राहत मिलेगी और निजी पैथोलॉजी पर निर्भरता कम होगी। जिला अस्पताल में ही अधिक जांचें होने से मरीजों का समय और आने-जाने का खर्च भी बचेगा।
तीन शिफ्टों में होगा संचालन
प्रयोगशाला में 24 घंटे जांच की सुविधा देने का प्रस्ताव है। इसके लिए तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की तैनाती और आधुनिक उपकरणों के संचालन की व्यवस्था की जाएगी। प्रतिदिन एक हजार से अधिक सैंपल जांचने की क्षमता से जिला अस्पताल के साथ गंभीर मरीजों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।