अमेठी। अमेठी विकास खंड की साधन सहकारी समिति भदांव, शाहगढ़ के पनियार व भादर के खरगपुर साधन सहकारी समिति में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता मित्रसेन वर्मा की अगुवाई में सदस्यता अभियान चलाया गया। इस दौरान 104 सदस्य बनाए गए, सभी को प्रमाण पत्र सौंपे गए।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता ने उपस्थित लोगों को वी पैक्स की जानकारी देते हुए बताया कि 30 सितंबर तक समितियों पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। जिसमें किसानों के साथ-साथ क्षेत्रीय वा गैर किसान भी सदस्य बन सकते है, जो साधन सहकारी समिति से खाद, बीज के साथ ही सरकार द्वारा प्रदान की जा रही अन्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
बताया कि अभियान के तहत 89 समितियों के माध्यम से 26320 सदस्य बनाने का लक्ष्य है। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता ने अमेठी विकास खंड की साधन सहकारी समिति भदांव में 33, शाहगढ़ के पनियार में 43 व भादर के खरगपुर साधन सहकारी समिति में 28 सदस्य बनाएं। सभी सदस्यों को मौके पर ही प्रमाण पत्र सौंपा गया। इस मौके पर श्रीराम, विजय कुमार, बलराम यादव आदि मौजूद रहे।