अमेठी सिटी। बढ़ी उमस के बीच अघोषित बिजली कटौती से लोग बेहाल हैं। सोमवार को अमेठी विद्युत उपकेंद्र के फीडर नंबर एक पर लाइन मरम्मत का कार्य होने से पांच घंटे आपूर्ति बाधित रही। ऐसे में करीब 10 हजार लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश नहीं होने से मौसम का मिजाज गर्म हो गया है। सोमवार सुबह से निकली तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। धूप व उमस के कारण लोगों का बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया। ऐसे में बाहर निकले लोग पसीने से तरबतर रहे। अमेठी विद्युत उपकेंद्र के टाउन फीडर एक पर बाईपास से पहलवान वीर बाबा तक लाइन मरम्मत का कार्य सुबह 11 बजे शुरू हुआ। शाम करीब चार बजे के बाद मरम्मत कार्य पूरा हुआ तो आपूर्ति बहाल हो सकी।
इस दौरान करीब पांच घंटे आपूर्ति बंद होने से मुंशीगंज मार्ग स्थित फायर स्टेशन, रामनगर, बड़ा रामनाथपुर, दत्तामिश्र का पुरवा के लगभग 10 हजार लोगों को बिजली संकट झेलना पड़ा। इसके अलावा पीठीपुर, खेरौना सहित अन्य उपकेंद्र क्षेत्र में बिजली की आवाजाही संग लो वोल्टेज की समस्या बनी रही। इसके कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। सोमवार को अधिकतम 34.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक अमरनाथ मिश्र के अनुसार आगामी 24 घंटे में मध्यम बादल छाए रहने व बारिश नहीं होने की संभावना है।