अमेठी सिटी। बांदा-टांडा हाईवे पर गौरीगंज के गूजरटोला-पैंगा मोड़ पर सोमवार को युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के मामले में छह नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। युवक के पिता ने रंजिश में साजिश के तहत हत्या की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
गौरीगंज के गुर्जर टोला निवासी विमलेश सिंह के मुताबिक सोमवार को वह अपने दामाद मोहित सिंह के साथ गौरीगंज बाजार जा रहे थे। रास्ते में बांदा-टांडा हाईवे पर खड़े थे] तभी सामने से उनका बेटा अंकित (27) बुलेट से आता दिखा। उसी बीच पीछे से आई एसयूवी ने अंकित की बुलेट में टक्कर मार दी, जिसके कारण अंकित सड़क किनारे खड्ड में गिर पड़ा।
बेटे पर हमला करने के लिए एसयूवी से उतरे जायस के कासिमपुर गांव निवासी संदीप कुमार, रायबरेली के नसीराबाद के बिन्नवा गांव निवासी उदय सिंह व चार अन्य लोगों के हाथों में असलहे थे। हमलावरों ने अंकित पर फायरिंग शुरू कर दी। विमलेश सिंह ने बताया कि वह अपने दामाद के साथ बेटे को बचाने दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर वाहन सहित मौके से भाग निकले। विमलेश ने आरोप लगाया कि बेटे की हत्या कराने की साजिश रची गई, जिसमें गौरीगंज के पूरे सूबेदार ऐंधी गांव निवासी मोहम्मद इस्लाम, जलील, दौलतपुर ऐंधी के मोहम्मद वसीम और जायस के तोमड़ का पुरवा गांव निवासी सूरज शामिल हैं।
पिता ने बताया कि अंकित को गंभीर हालत में पीजीआई लखनऊ में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर ने उसकी स्थिति चिंताजनक बताई है। आईसीयू में उसका उपचार चल रहा है। सीओ अखिलेश वर्मा ने बताया कि छह लोगों के खिलाफ नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। तीन टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।