अमेठी सिटी। जिले में अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुसाफिरखाना क्षेत्र के करीब 20 गांवों के 30 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को 10 घंटे से ज्यादा बिजली कटौती झेलनी पड़ रही है। मुख्यालय सहित कई ग्रामीण इलाकों में छह से आठ घंटे तक आपूर्ति बाधित रहने से पेयजल संकट गहरा गया है। घरेलू कामकाज और छोटे कारोबार भी प्रभावित हो रहे हैं।
पूरे प्रेमशाह पावर हाउस के दादरा और पिंडारा फीडर से जुड़े रंजीतपुर, पूरे गुदरी, चंदीपुर, पूरे परवानी, भद्दौर, गौतमपुर, सरैया, पिंडारा महराज, रुदौली, रामनगर नयाकोट, कपूरचंदपुर, मझगवा समेत कई गांवों में मंगलवार को शाम सात बजे बिजली गुल हुई, जो रात 11:30 बजे बहाल हुई। रात दो बजे फिर आपूर्ति ठप हो गई और भोर 4:30 बजे बिजली आई। दिन में भी चार घंटे से अधिक कटौती की गई। ग्रामीण राजू ओझा, सुनील कुमार, अभिषेक पाल और मंसाराम ने बताया कि लंबे समय से हो रही कटौती से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। सेमरौता उपकेंद्र की आपूर्ति भी रात में चार घंटे बाधित रही।
जगदीशपुर और किशनी गांव में लो वोल्टेज से बिजली उपकरण नहीं चल पा रहे हैं। शुकुलपुर, करपिया, मऊ, पनियार, अमेठी और जायस क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भी रात में चार से छह घंटे तक कटौती झेलनी पड़ी। अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार सिंह ने कहा कि स्थानीय स्तर पर कटौती नहीं की जा रही है।