अंबेडकरनगर। जिले में कोरोना ने दस्तक दे दी है। सोमवार को तहसील क्षेत्र टांडा में 27 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित पाया गया। वह बीते दिनों ही दुबई से घर लौटा था। स्वास्थ्य कर्मियों ने उसे घर में ही क्वारंटीन कर दिया है। इस बीच कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके साथ ही सभी कोविड अस्पतालों को भी अलर्ट मोड में कर दिया गया है।
देश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच सोमवार को जिले में कोरोना ने दस्तक दे दी है। डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय वर्मा ने बताया कि टांडा निवासी 27 वर्षीय युवक बीते दिनों दुबई से लौटा है। लखनऊ स्थित एक प्राइवेट लैब में उसने जांच कराई। सोमवार को आई रिपोर्ट में वह कोरोना पॉजीटिव मिला।
लखनऊ कार्यालय से जैसे ही जानकारी मिली तत्काल स्वास्थ्य टीम को संबंधित युवक के घर भेजा गया। कंटेनमेंट जोन बनाते हुए युवक को होम क्वारंटीन कर दिया गया। साथ ही टीम के सदस्यों को निर्देशित किया गया कि उस पर नजर बनाए रखें। उधर सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए सभी कोविड अस्पतालों को अलर्ट मोड में कर दिया गया है। (संवाद)