फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

युवक की हत्या कर पेड़ से लटकाया शव, प्रधान प्रतिनिधि समेत सात नामजद

विज्ञापन
विज्ञापन
आलापुर (अंबेडकरनगर)। आलापुर थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव में एक युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया। आरोप गांव की रहने वाली एक किशोरी के परिजनों पर है। जिससे छेड़छाड़ का केस बीते दिनों युवक पर दर्ज कराया गया था। सुबह आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस को शव ले जाने से रोक दिया। मौके पर पहुंचे डीएम व एसपी ने समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, पूछताछ जारी है।
विज्ञापन

नसीरपुर स्थित बाग में मंगलवार सुबह एक पेड़ से गांव निवासी अरुण (40) का शव लटकता देख ग्रामीण सन्न रह गए। अरुण के दोनों पैर मुड़े और रस्सी से बंधे हुए थे। प्रथम दृष्टया ही घटना हत्या की प्रतीत हो रही थी। देखते ही देखते बड़ी तादाद में ग्रामीण एकत्र हो गए। एसओ श्रीनिवास पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को उतरवाने की कोशिश करने लगे। लेकिन नाराज ग्रामीणों ने शव ले जाने से रोक दिया। सीओ आरबी सिंह भी जहांगीरगंज एसओ के साथ पहुंचे लेकिन बात नहीं बनी।
इसके बाद डीएम सैमुअल पॉल एन और एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने गांव जाकर ग्रामीणों को समझाया बुझाया। केस दर्ज कर कड़ी कार्यवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद ही पुलिस मौके से शव ले जा सकी। अरुण की पत्नी ने किशोरी के परिजनों व ग्राम प्रधान के जेठ पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। कहा कि गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया गया। एसओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामचंद्र यादव समेत सात आरोपियों के विरुद्घ हत्या व साक्ष्य छिपाने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
विज्ञापन

अरुण पर गांव निवासी एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ का मुकदमा बीते दिनों दर्ज हुआ था। अब इसी किशोरी के परिजनों पर हत्या का आरोप लगा है। पुलिस ने केस दर्ज करने के साथ दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। बताया जाता है कि अरुण का एक पुत्र भीम आर्मी पार्टी से जुड़ा था। इसलिए बड़ी तादाद में पार्टी के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए थे।
अरुण की पत्नी शोभा ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसका गांव के एक व्यक्ति से भूमि विवाद चल रहा है। इसको लेकर कई बार मारपीट हो चुकी है। बीते दिनों इसी के चलते फर्जी ढंग से छेड़छाड़ का मुकदमा कायम करा दिया गया, जबकि मेरे पति द्वारा दी गई तहरीर पर मुकदमा कायम नहीं हुआ। इन सबके बीच सोमवार को ग्राम प्रधान के जेठ रामचन्द्र ने अरुण को मंगलवार सुबह चार बजे समझौता कराने के लिए घर बुलाया।
भोर में चार बजे उठकर अरुण ने अपने छोटे बेटे विमलेश को बताया कि वह प्रधान के जेठ से मिलने जा रहा है। बाद में प्रधान के जेठ ने ही शव मिलने की सूचना दी। शोभा ने आरोप लगाया कि प्रधान के जेठ, किशोरी व उसके परिवारीजनों ने मिलकर पति अरुण की हत्या कर दी, शव को पेड़ पर लटका दिया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आलापुर पहुंचे डीएम ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराए जाने का निर्देश दिया। इसके बाद चिकित्सकों की तीन सदस्यीय टीम गठित कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। किसी अनहोनी को रोकने के लिए पोस्टमार्टम हाउस पर आलापुर पुलिस डटी रही तो वहीं गांव में भी एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें