अंबेडकरनगर। अलग अलग थाना क्षेत्रों में चार लोग सर्पदंश का शिकार हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के तमसा मार्ग मीरानपुर निवासी मिठाईलाल के 17 वर्षीय पुत्र सोनू को मंगलवार सुबह उस समय सांप ने डस लिया, जब वह खेत की तरफ गया हुआ था। घरवालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसी कोतवाली क्षेत्र के पसियापारा निवासी राजेंद्र कुमार (63) मंगलवार को खेत से घर लौटने के दौरान सर्पदंश का शिकार हो गए।
इसी कोतवाली क्षेत्र के सिझौली निवासी आमिना बेगम (35) मंगलवार सुबह घर की साफ सफाई करने के दौरान सर्पदंश का शिकार हो गई। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के राजेसुल्तानपुर निवासी सुनील (24) को मंगलवार सुबह उस समय सांप ने डस लिया, जब वह खेतों में काम कर रहा था।