अंबेडकरनगर। जिले में कृषि स्नातक युवाओं को गांव में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार की स्वावलंबन योजना के तहत बीते वर्ष 26 एग्री जंक्शन केंद्र खोले गए थे। अब इसके लिए विभाग ने युवाओं से आवेदन मांगे हैं। उप कृषि निदेशक डाॅ. अश्वनी कुमार सिंह ने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए पहले अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा और उसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को लाइसेंस जारी किए जाएंगे।
प्रशिक्षण के दौरान बताया जाएगा कि किस फसल में कितना फर्टिलाइजर, दवा और बीज पड़ेगा। योजना युवाओं को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने वाली है। प्रदेश सरकार की प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबन योजना का उद्देश्य किसानों को फसल उत्पादों के लिए कृषि केंद्र यानी एग्री जंक्शन के बैनर तले समस्त सुविधाएं वन स्टाॅप शाॅप के माध्यम से उपलब्ध कराने का है। उन्होंने बताया कि इसके लिए लाभार्थी का कृषि में स्नातक या परास्नातक होना जरूरी है। एग्री जंक्शन योजना से किसानों को मृदा परीक्षण की सुविधा, उच्च गुणवत्ता के बीज, उर्वरक और जैव उर्वरक की सुविधा, माइक्रो न्यूट्रियन्ट्स, वर्मी कम्पोस्ट, कीटनाशक और जैव कीटनाशकों समेत कृषि निवेशों की आपूर्ति, लघु कृषि यंत्रों को किराये पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी। आवेदन मांगे गए हैं, अभी लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है।