आलापुर (अंबेडकरनगर)। रामनगर बाजार में शुक्रवार को एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान अजय पुत्र गजाधर, निवासी बहरामपुर निषाद बस्ती के रूप में हुई है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, अजय एकादशी के अवसर पर गन्ना बेचने के लिए रामनगर बाजार आया था। गन्ना बेचने के बाद वह बाजार स्थित एक स्पा मसाज सेंटर पहुंचा, जहां कुछ समय बाद वह मृत अवस्था में पाया गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले जाया गया, जहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही आलापुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।
विज्ञापन
थानाध्यक्ष शशांक शुक्ला ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। (संवाद)