अंबेडकरनगर। टांडा बांदा हाईवे से जलालपुर मार्ग पर स्थित लोहे की गुमटी में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक शिवम सोनकर की मौत हो गई। गुमटी में एक व्यक्ति की ओर से अनाधिकृत रूप से अवैध कनेक्शन देकर बिजली इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। बिजली विभाग की ओर से एफआईआर दर्ज कराए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
अकबरपुर के संघतिया नाका शहजादपुर निवासी अशोक सोनकर ने टांडा बांदा हाईवे से जलालपुर को जाने वाले मार्ग पर आम का बाग किराये पर ले रखा था। इन दिनों आम के फल की दिनरात रखवाली कर रहे हैं। सोमवार की रात उनका बेटा शिवम भी उनके साथ बाग की रखवाली करने गया था।
सुबह नौ बजे बेटे के मोबाइल पर फोन आने पर शिवम बात करते हुए जलालपुर मार्ग के आरएलबी ईंट भट्ठे के सामने स्थित सैलून की दुकान पर पहुंच गए। उस समय दुकान बंद थी। बात करने के दौरान उन्होंने लोहे की गुमटी को छू लिया, जिसमें पहले से ही करंट दौड़ रहा था। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक शिवम बेसुध होकर नीचे गिर गए। वहां मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी फोन पर पिता अशोक को दी।
आनन-फानन में वह बेटे को जिला अस्पताल लेकर आए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि गुमटी में लगी बिजली केबल क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें करंट उतर आया था जिससे यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता मनोज गुप्ता उर्फ गुड्डू जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।
मृतक की मां विमाल देवी का 2017 में ही निधन हो चुका है। तीन भाइयों में मृतक मझले थे। बड़ा भाई सत्यम और छोटा सुंदरम सब्जी व फल का ठेला लगाते हैं। इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं अधिशासी अभियंता अकबरपुर प्रेमचंद ने बताया कि गुमटी संचालक को वहीं एक व्यक्ति ने अवैध रूप से कनेक्शन दे रखा था। दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है।