जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। साथियों संग नहाने गया युवक तालाब में डूब गया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों में रोना पीटना मच गया।
जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के बसहिया गंगा सागर गांव में बुधवार को होली के अवसर पर जब पूरा गांव उल्लास में डूबा हुआ था तभी एक मौत ने गांव की खुशियों को मातम में बदल दिया।
दरअसल होली खेलने के बाद बुधवार दोपहर गांव निवासी वंशबहादुर सिंह का पुत्र विकास सिंह (28) साथियों के साथ गांव के बाहरी हिस्से में स्थित तालाब में स्नान करने के लिए चला गया। बताया जाता है कि साथियों के साथ स्नान कर विकास तालाब से बाहर निकल आया। कुछ देर बाद उसने फिर से तालाब में छलांग लगा दी। काफी देर बाद भी जब वह पानी से बाहर नहीं आया तो उसके साथियों को अनहोनी की आशंका हुई।
दोस्तों ने तालाब में उसकी तलाश शुरू की। हालांकि तब तक उसकी मौत चुकी थी। उधर घटना की जानकारी से गांव में मातम पसर गया। ग्रामीणों के साथ परिजन भी रोते बिलखते घटना स्थल पर पहुंचे। इसी बीच ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस भी वहां पहुंची। ग्रामीणों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकलवाया गया। थानाध्यक्ष विजय प्रताप तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।