अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुईं मारपीट की घटनाएं
फोटो 9
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। अलग-अलग थाना क्षेत्र में मामूली विवाद में चले लाठी-डंडों में पिता पुत्र के अलावा दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने संबंधित थाने में केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजकर छानबीन शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र बेवाना के समोखपुर गांव निवासी सुभाष की गांव के ही एक व्यक्ति से बुधवार देर शाम मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। आरोप है कि विपक्षियों ने एकजुट होकर सुभाष की लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी। गुहार पर पहुंची पत्नी मंजू को भी मारा पीटा गया। जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तब तक हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग खड़े हुए। पीड़ित पक्ष ने थाने में केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
वहीं कोतवाली क्षेत्र टांडा के फूलपुर गांव निवासी दिलशेर की गांव के एक युवक से विवाद हो गया। आरोप है कि विपक्षियों ने उसकी लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी। गुहार पर बचाने पहुंचे पिता विजयबहादुर (62) को भी पीट दिया। बाद में पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने दोनों मामलों में घायलों को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजकर छानबीन शुरू कर दी है।