अंबेडकरनगर जिला मुख्यालय स्थित पार्क में वैलेंनटाइन डे मनाते दंपती।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। जिले में रविवार को युवाओं ने उल्लास के साथ वैलेंटाइन डे मनाया। एक-दूसरे को सोशल मीडिया पर बधाई देने के साथ ही पार्कों में पहुंचकर गुुलाब भेंट किया और आगे भी इसी तरह स्नेह बनाए रखने का भरोसा दिलाया। वैलेंटाइन डे के मौके पर अकबरपुर-अयोध्या मार्ग स्थित राजकीय पार्क में युवाओं की भीड़ उमड़ी। वैलेंटाइन डे के मौके पर कई नव दंपतियों ने भी पार्क पहुंचकर खुशी का इजहार किया।
संत वैलेंटाइन की याद में प्यार के दिन के रूप में मनाया जाने वाला वैलेंटाइन डे रविवार को जिले में उल्लास के साथ मनाया गया। युवाओं ने इसे यादगार बनाने के लिए कई तरह के आयोजन भी किए। किसी ने दोस्तों को सोशल मीडिया के जरिए वैलेंटाइन डे की बधाई दी, तो किसी ने फूल भेंट कर दोस्ती को और मजबूत करने का भरोसा दिलाया। जिला मुख्यालय स्थित राजकीय पार्क में युवाओं की भीड़ देखने को मिली।
कई नव विवाहित जोड़े वैलेंटाइन डे को खास बनाने के लिए यहां पहुंचे, तो अपने पूरे परिवार के साथ पार्क में पहुंचकर जश्न मनाने वालों की भी कमी नहीं रही। इस यादगार पल को कैमरे में कैद करने की भी होड़ मची रही। युवाओं ने फूल भेंट करते या फिर केक काटते समय सेल्फी भी ली। वैलेंटाइन डे के मौके पर पार्क पहुंचे बच्चों ने खेल सामग्रियों का खूब लुत्फ उठाया।