अंबेडकरनगर। भीटी थाना क्षेत्र के सया से बरात में शामिल होने के बाद अपने मित्र के साथ बाइक से घर लौट रहे युवक की सेनपुर के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, परिवारीजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।
भीटी थाना क्षेत्र के सया गांव में बरात में शामिल होने गया इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के डिहवा दौलतपुर निवासी महेश (18) पुत्र जानकी प्रसाद अपने मित्र दीपक (18) पुत्र विजय कुमार के साथ शुक्रवार रात एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। दीपक के अनुसार सेनपुर गांव के पास बाइक खड़ी कर वह लघुशंका कर रहा था। इसी बीच उधर से गुजर रही तेज रफ्तार कार ने उन दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे महेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दीपक को मामूली चोटें आईं।
बताया जाता है कि इनके पीछे बाइक से ही आ रहे बगल के गांव भुआलपुर निवासी दो युवकों ने घटना की जानकारी डॉयल 112 को दी। हालांकि पुलिस के आने से पहले ही वे दोनों वहां से चले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने महेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद दीपक को छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर मृतक के भाई अमरनाथ ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसके भाई की हत्या की गई है। चेहरे के दोनों तरफ धारदार हथियार से वार के निशान हैं। उसका कहना है कि जब दीपक लघुशंका कर रहा था तो उसे चोट कैसे आ गई। इसके अलावा जिन दो युवकों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी थी वे घटनास्थल से क्यों भाग गए।
अमरनाथ ने कहा कि मामले में हत्या का केस दर्ज कराने के लिए वह तहरीर देगा। उधर पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।