जलालपुर। घर में चारपाई पर सो रही 18 वर्षीय छात्रा को मंगलवार रात जहरीले सांप ने काट लिया। परिजन उसे सीएचसी नगपुर ले गए, जहां से उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत से परिवार में मातम पसर गया।
हाजीपुर गांव निवासी सुरेंद्र और ऊषा देवी की पुत्री मधुलिका कक्षा 11 की छात्रा थीं। परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात वह घर में चारपाई पर सो रही थीं। इसी दौरान जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया। कुछ देर बाद मधुलिका ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। आनन-फानन में परिजन उन्हें सीएचसी नगपुर ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां पहुंचने पर उनकी मौत हो गई।
मधुलिका पढ़ाई में होनहार थीं। वह आगे की पढ़ाई पूरी कर अफसर बनना चाहती थीं। परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर कई सपने संजोए थे, लेकिन असमय मौत से खुशियां मातम में बदल गईं। तीन भाइयों और तीन बहनों में मधुलिका सबसे बड़ी थीं। बेटी की मौत से मां ऊषा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई शिवा, शिवकुमार और सक्षम तथा बहन बोली और रंगोली भी गम में डूबे हैं। घटना से गांव में शोक का माहौल है। सीओ अनूप कुमार सिंह ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।