अंबेडकरनगर। शौच के लिए घर से निकले युवक का शव रविवार सुबह अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मरैला के निकट रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार रेलवे लाइन पार करने के दौरान युवक ट्रेन की चपेट में आ गया होगा जिससे उसकी मौत हो गई।
रविवार सुबह मरैला गांव के कुछ ग्रामीण रेलवे ट्रैक की तरफ गए तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गए। रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा हुआ था। आसपास के क्षेत्र में जानकारी पहुंची तो ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शव की पहचान अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सदरपुर निवासी मुकेश (19) पुत्र भारत के रूप में हुई। जानकारी होते ही रोते-पीटते परिवारीजन भी मौके पर पहुंच गए।
इस बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार ऐसा अनुमान है कि जब वह रेलवे लाइन पार कर रहा था तो इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया होगा। परिवारीजनों के अनुसार रविवार तड़के वह शौच के लिए निकला था। इसके बाद उसकी मौत की जानकारी उन्हें हुई।