अंबेडकरनगर में बुजुर्ग ने एक युवक को तेज रफ्तार से बाइक चलाने पर टोका तो युवक आगबबूला हो गया। उसने बुजुर्ग को धक्का देकर गिरा दिया। सिर पर चोट लगने से मौत उनकी मौत हो गई। पुलिस गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करके आरोपी की तलाश कर रही है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
यूपी के अंबेडकरनगर में सोमवार की रात बुजुर्ग ने एक युवक तेज रफ्तार से बाइक चलाने पर टोका तो कहासुनी होने लगी। इसी बीच युवक ने बुजुर्ग को धक्का दे दिया। इससे वह गिर गए। सिर पर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
घटना आलापुर थाना क्षेत्र के बहिंगवा जोगीपुर गांव की है। गांव निवासी बैतुल्लाह (61) की मौत हुई है। बताया गया कि सोमवार की रात गांव का ही मेराज उर्फ छोटू बाइक से गुजर रहा था। बाइक रफ्तार तेज थी। इस पर बैतुल्लाह ने युवक को टोका और धीरे वाहन चलाने की नसीहत दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मेराज उर्फ छोटू ने बैतुल्लाह को धक्का दे दिया। इससे वह असंतुलित होकर जमीन पर गिर पड़े। सिर पर चोट लगने से वह बेहोश हो गए। घटना से वहां पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन उन्हें दरवाजा बाजार स्थित एक निजी क्लीनिक ले गए। वहां चिकित्सक ने गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
विज्ञापन
इसके बाद परिजन उन्हें अतरौलिया के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने बैतुल्लाह को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। मृतक के पुत्र जैनुल्लाह की तहरीर पर मेराज उर्फ छोटू व कौसर के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज किया है।
सीओ आलापुर प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। प्राप्त तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।