जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। दुकान बंद कर घर जा रहे युवक को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने पहुंचकर लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
आजमगढ़ जनपद के रतुआपार निवासी रवि सिंह (27) ने जहांगीरगंज कस्बे के नरियांव में किराने की दुकान कर रखी है। बुधवार देर शाम वह दुकान बंद कर साइकिल से घर जा रहा था। वह बावली चौक से सिकंदरपुर अतरौलिया मार्ग स्थित नरियांव पीएचसी के निकट पहुंचा ही था तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते तब तक चालक पिकअप लेकर फरार हो गया।
घटना की जानकारी लोगों ने पुलिस को दी। कुछ देर में पहुंची टीम ने लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। इस बीच परिजन भी रोते बिलखते वहां पहुंच गए। जरूरी प्रक्रिया के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी। शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। वाहन के बारे में जानकारी करने की कोशिश की जा रही है।