जलालपुर। कटका क्षेत्र में गोरखपुर एक्सप्रेसवे सर्विस लाइन मोड़ के पास बुधवार देर रात सड़क हादसे में राहुल (32) की मौत हो गई, जबकि उनके चाचा व चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों बाइक से एक वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी बीच बाइक अनियंत्रित होकर सर्विस रोड के किनारे लगे कटीले तारों में जा गिरी।
कटका के बड़ाह खुर्द निवासी रविंद्र के मुताबिक उनके बड़े भाई राहुल (32), चाचा दिनेश और इनके पुत्र हरिओम एक बाइक पर सवार होकर आजमगढ़ के मड़ियापार गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में गए थे। बुधवार देर रात 10 बजे वहां से वापस लौट रहे थे। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर आजमगढ़ के अतरौलिया के सुखीपुर के पास बाइक अनियंत्रित होकर सर्विस रोड के किनारे लगे कंटीले तारों में जा गिरी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही परिजनों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तत्काल अतरौलिया के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया, जबकि दिनेश और उनके पुत्र हरिओम का इलाज चल रहा है। मृतक अपने पीछे अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी रक्षा और आठ माह के पुत्र कार्तिक को छोड़ गए हैं। पति की मौत से पत्नी कुसुम बदहवास हैं। पिता रामनयन गौड़ ने बताया कि पांच भाइयों में राहुल सबसे बड़े थे। मृतक राजगीर थे और इसी के सहारे परिवार का भरण पोषण करते थे। थानाध्यक्ष अक्षय कुमार पटेल ने बताया कि घटना आजमगढ़ जिले में हुई है। कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।