कटेहरी। क्षेत्र के प्रतापपुर चमुर्खा गांव में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थिति में तीन फिट गहरे तालाब में डूबने से पवन राजभर (24) की मौत हो गई। शनिवार को परिजनों ने श्रवणधाम में शव का अंतिम संस्कार किया। पवन दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे और दादी की मौत पर 16 अगस्त को गांव लौटे थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है।
प्रतापपुर चमुर्खा निवासी रामप्रसाद राजभर ने बताया कि उनके पुत्र पवन राजभर शुक्रवार सुबह करीब चार बजे घर से बाइक लेकर निकले थे। इसके बाद परिजन सेरवा घाट स्नान करने चले गए। वापस लौटने पर उन्होंने पवन को फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ था। दोपहर करीब 12 बजे गांव के एक व्यक्ति ने परिजनों को सूचना दी कि बैसैरवा तालाब के पास उनके बेटे की बाइक खड़ी है।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और आसपास खोजबीन शुरू की। तालाब के अंदर युवक का कपड़ा दिखाई पड़ने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला, जिसकी पहचान पवन राजभर के रूप में हुई। पुलिस को यह जानकारी नहीं मिल सकी है कि पवन तालाब में कैसे पहुंचा। परिजनों ने किसी प्रकार की कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी है। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना पाया गया है। परिजनों से वार्ता की जा रही है। फिलहाल कोई आरोप-प्रत्यारोप नहीं है।