अंबेडकरनगर। लक्ष्मी गणेश व कुबेर पूजन के साथ ही सोमवार को ज्योति पर्व दीपावली का त्योहार शहर से लेकर गांवों तक पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान मकान व बाजार बिजली की रंग-बिरंगी रोशनी के साथ ही माटी के बने दीपकों की रोशनी से जगमग रहे। सांझ ढलते ही पूजा अर्चना के बाद पूरा माहौल आतिशबाजी की रंग-बिरंगी रोशनी और पटाखों के धूम-धड़ाके में डूब गया।
दीपावली पर्व पर घरों से लेकर दुकानों व प्रतिष्ठानों तक की साफ-सफाई कर उन्हें रंग-रोगन से सजा कर मोमबत्ती व दीपक की रोशनी के साथ ही बिजली की रंग-बिरंगी झालरों से रोशन किया गया। महंगाई को दरकिनार कर त्यौहार मनाने में लोगों ने जमकर उत्साह दिखाया।
परंपरा के अनुरूप दीपावली पूजन पर गणेश लक्ष्मी के साथ ही कुबेर की पूजा अर्चना कर घर में सुख समृद्धि बने रहने का आशीष मांगकर मिट्टी के दीये जलाए गए। क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों पर भी शाम ढलते दीपक जलाने का शुरू हुआ क्रम देर रात तक चलता रहा।
इसके बाद शुरू हुआ आतिशबाजी व पटाखा चलाने का दौर देर रात तक कायम बना रहा। हालांकि इस दौरान प्रशासन की तमाम अपील के बाद भी हर्बल पटाखों की जगह प्रदूषण व धुआं फैलाने वाले पटाखों का ही जोर दिखा।
इससे पहले लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर पर्व में मिठाई का वितरण किया। साथ ही पर्व की बधाई दी। उधर पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। एक तरफ जहां सभी सीओ व एसओ अपने अपने क्षेत्र में भ्रमण करते रहे तो वहीं एसपी अजीत कुमार सिन्हा व एएसपी संजय राय भी लगातार फीडबैक लेते रहे। इस दौरान जिम्मेदारों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिया।