सद्दरपुर। कोलकाता में मजदूरी करने के दौरान करंट से झुलसे जलालपुर क्षेत्र के सुरेंद्र (47) की एक सप्ताह बाद जिला अस्पताल में मौत हो गई। इस घटना से परिवार में गहरा सदमा है। मृतक की बेटी के विवाह की तैयारियां और खुशी मातम में बदल गई हैं।
मोलनापुर निवासी निर्मला देवी ने बताया कि उनके पति सुरेंद्र कोलकाता में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। 26 सितंबर को काम के दौरान वे करंट की चपेट में आ गए थे, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए थे। प्राथमिक उपचार के बाद ठेकेदार ने उन्हें घर भिजवा दिया था। 27 सितंबर को परिजनों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में भर्ती कराया गया। दो दिन बाद उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया। वहां उनका उपचार चल रहा था, लेकिन रविवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
बेटी संज्योति (19) का विवाह नवंबर माह में तय किया था और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। इकलौते कमाने वाले की अचानक मौत से पत्नी निर्मला देवी बदहवास हैं। वह बार-बार कह रही हैं कि अब बेटी का विवाह कैसे होगा। विवाहिता बेटी ज्योति और छोटे बेटे गोलू (16) का रो-रोकर बुरा हाल है।