अंबेडकरनगर। असावधानी के चलते अकबरपुर नगर के पार्क रोड पर शुक्रवार को एक मजदूर की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। इससे लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मजदूर की मौत होने से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के हूसेपट्टी गांव निवासी धीरज (28) पुत्र राधेश्याम मजदूरी करता है। शुक्रवार को वह मजदूरी करने के लिए अकबरपुर नगर के पार्क रोड पहुंचा था। बताया जाता है कि वह लोहे की सीढ़ी लेकर जा रहा था। असावधानी के चलते सीढ़ी ऊपर से गुजर रहे विद्युत तार में छू गई, जिससे वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। उसकी चीख पुकार पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह अलग किया, मगर तब तक वह मरणासन्न हो गया। लोग आनन-फानन में उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।