जलालपुर (अंबेडकरनगर)। तमसा नदी पर स्थित पक्का घाट पुल पर सुरक्षा जाली लगाने का कार्य विधि विधान पूजन के साथ रविवार को प्रारंभ कर दिया गया। स्वर्णकार संघ के प्रदेश मंत्री शत्रुघ्न सोनी और उद्योग व्यापार के जिलाध्यक्ष आनंद जायसवाल ने फीता काटकर कार्य का शुभारंभ किया। बीते दिनों डीएम अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पुल पर सुरक्षा जाली लगाने की मांग उठी थी। शत्रुघ्न सोनी ने बताया कि पुल पर रेलिंग के अभाव में लोग चलती गाड़ियों से कूड़ा फेंकते हैं और छोटे बच्चे नदी में कूदकर स्नान करते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। जाली लगने के बाद अब आम जनता सुरक्षित रहेगी और किसी भी अप्रिय घटना की संभावना समाप्त होगी। स्वर्णकार संघ ने इस पुल को बाबा पलटू साहब सेतू के नाम से नामांकित करने की मांग भी की। इस अवसर पर आशीष सोनी, अनुज सोनकर, आदित्य गोयल, मोहन जायसवाल, छोटू सोनकर, डॉ. एके पांडेय और पूर्व नगर अध्यक्ष देवेश मिश्रा उपस्थित रहे । लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अश्वनी पांडेय ने बताया कि प्रस्तावित सुझावों के अनुसार जाली लगाने का काम प्रारंभ किया गया है। कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाएगा और पुल पर आने-जाने वाले नागरिक सुरक्षित रहेंगे।