अंबेडकरनगर। शिक्षा क्षेत्र बसखारी के उच्च प्राथमिक विद्यालय अरुसा आजमपुर के छात्र-छात्राओं की खो-खो टीम ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल कर सिल्वर मेडल प्राप्त किया है।
जिला बेसिक शिक्षाधिकारी बीपी सिंह ने बताया कि 13 मार्च से शुरू होकर 15 मार्च तक गुरुगोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ में 33वीं राज्यस्तरीय बाल खेल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें अंबेडकरनगर से कुल 64 छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग खेलों में भागीदारी की।
टीम प्रभारी मोहम्मद हसन तथा ब्लाॅक व्यायाम शिक्षक रामकेश मौर्य के नेतृत्व में गई बसखारी की टीम ने खो-खो में प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया। बीएसए ने सभी छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि इससे जिले का नाम बढ़ा है। छात्र-छात्राओं को आगे भी बेहतर प्रदर्शन करते रहना है।
टीम कोच दिनेश कुमार, लक्ष्मीकांतधर द्विवेदी, इकबाल, राममिलन गुप्त, प्रभंजन मिश्र व सुनील कुमार आदि ने भी छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन पर खुशी जताई।