आलापुर (अंबेडकरनगर)। आलापुुर क्षेत्र के ढोलबजवा सतरही गांव के पास शराब की दुकान हटाने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं रविवार को धरने पर बैठ गईं। प्रदर्शन कर महिलाओं ने ठेका हटाने की मांग की। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद तहसीलदार पद्मेश श्रीवास्तव के दुकान हटवाने के आश्वासन के बाद महिलाएं शांत हुईं।
मालपुर ढोलबजवा मार्ग से मिर्जापुर जंगल गांव को जाने वाले रास्ते पर लंबे समय से शराब की दुकान संचालित हो रही है। महिलाओं के अनुसार दुकान के आसपास अंडा, चना व अन्य सामान की दुकानें भी लगती हैं। इन दुकानों पर सुबह से लेकर रात तक शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। शराबी गांव की ओर आने-जाने वाली महिलाओं व बेटियों से अभद्रता करते हैं। इससे लड़ाई झगड़े की नौबत आ जाती है। महिलाओं ने बताया कि कई बार दुकान हटाए जाने की शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होने पर धरने पर बैठना पड़ा। इस बीच सुबह 10 बजे महिलाओं ने दुकान भी नहीं खुलने दी। सूचना पाकर पुलिस ने काफी देर तक महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। तहसीलदार पद्मेश श्रीवास्तव व जहांगीरगंज प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप यादव ने दोपहर 12 बजे मौके पर जाकर महिलाओं को आश्वासन दिया। इसके बाद महिलाओं ने धरना समाप्त किया।तहसीलदार ने बताया कि जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।